चंडीगढ़। हरियाणा की जींद विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान जारी है। ठिठुरन के बावजूद कुछ मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोग कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। मतदान शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हरियाणा की जींद विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को जारी मतदान के शुरुआती दो घंटों में 15 फीसदी से अधिक मतदान हो चुका है। जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दिग्विजय चौटाला ने कहा, हमें खुद पर पूरा विश्वास है। लोग राजनीति में एक सकारात्मक बदलाव देखेंगे। हरियाणा की राजनीति धर्म, जाति और संप्रदाय से ऊपर उठेगी।
जींद में इनेलो विधायक डॉ. हरिचंद मिड्ढा के आकस्मिक निधन होने के कारण उपचुनाव हो रहे हैं। इस उपचुनाव में कांग्रेस ने रणदीप सुरजेवाला, भाजपा ने हरिचंद के बेटे कृष्ण मिड्ढा को प्रत्याशी बनाया है। यह उपचुनाव सिर्फ राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों की साख से ही नहीं जुड़ा है, बल्कि यहां के चुनाव नतीजे अगले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पूरे प्रदेश के मतदाताओं का मिजाज समझने में सहायक सिद्ध होगा। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सरकार के कार्यों के परिणाम के रूप में देखा जाएगा चुनाव का नजीजा।