जयपुर। एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि को भाजपा ने प्रदेश स्तर पर ‘‘समर्पण दिवस’’ के रूप में मनाया। भाजपा जयपुर शहर के द्वारा भाजपा प्रदेश कार्यालय पर एक गोष्ठी एवं समर्पण निधि का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने मुख्य वक्ता के रूप में उद्बोधन दिया। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने अपने उद्बोधन में कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म के समय देश की परिस्थितियाँ भिन्न थी, युवा वर्ग पढ़ाई के साथ देश की आजादी की बात करते थे, उसी में से पं. उपाध्याय ने जाति-पाति की बात छोड़ देश के लिए कुछ कर गुजरने के लिये युवाओं को प्रेरित किया। समाज के अन्तिम व्यक्ति तक पहुँचने का चिंतन किया। अन्त्योदय के इस विचार को अपना कर आज भाजपा की केन्द्र एवं राज्यों की सरकारें आगे बढ़ रही है।
चन्द्रशेखर ने कहा कि पं. उपाध्याय, डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, सुन्दर सिंह भण्डारी आदि नेताओं के विचारों को आधार मानकर भाजपा आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय उपाध्याय दीन-दुखियों, गरीबों की तकलीफ समझते थे। राजनीति में जीवन मूल्यों को स्थापित करना, नीतियों के निर्माण से ही लोकमत परिष्कार, एकात्म मानववाद जैसी वैचारिक सुदृढ़ता को चारों ओर फैलाया।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा के कार्यकर्ताओं को नेशन फस्र्ट, पार्टी सैकण्ड, सेल्फ लास्ट की नीति अपनाकर पंचनिष्ठा का पालन करना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा समाज के अन्तिम व्यक्ति तक, गाँव से शहर तक योजनाओं को साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में राष्ट्रीय चेतना जगाने का काम हमें अपने हाथों में लेना चाहिए।
आज हम ‘‘समर्पण दिवस’’ पर संकल्प लें कि हम वैचारिक मूल्यों के आधार पर समर्पित होकर विचार को लोककल्याण में लगाएंगे। समर्पण धन का नहीं पार्टी के प्रति वैचारिक मूल्यों से समर्पित होकर पार्टी व देश के विकास में योगदान दें। सैकड़ों कार्यकर्ता ने कार्यक्रम के पश्चात् वहाँ रखे समर्पण निधि के कलशों में अपनी समर्पण निधि समर्पित की।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, वीरमदेव सिंह जैसास, कोषाध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा, प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार, सम्पर्क प्रमुख आनन्द शर्मा, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता, सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व शहर अध्यक्ष राघव शर्मा, शैलेन्द्र भार्गव, संजय जैन एवं उपमहापौर मनोज भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन शहर मंत्री लक्ष्मीकान्त पारीक ने किया। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।